बागेश्वर। साउथ एशिया एफएम लिमिटेड की ओर से 21 मार्च को देहरादून में “एक पहाड़ी ऐसा भी” नामक विशेष सांस्कृतिक एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में उत्तराखंड के विभिन्न जिलों से उन प्रेरणादायी व्यक्तित्वों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
इस प्रतिष्ठित आयोजन में बागेश्वर जिले का प्रतिनिधित्व दिव्यांग प्रतिभा मोहिनी कोरंगा करेंगी। उन्हें उनके संघर्ष और उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, मोहिनी कोरंगा की कहानी न केवल जिले बल्कि पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
कार्यक्रम में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और चयनित प्रतिभागियों को सम्मानित करेंगे।
रेड एफएम के कार्यकारी निर्माता सरीम सुब्जवारी ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज में सकारात्मक सोच और प्रेरणा का संचार करना है। उन्होंने आमंत्रित सभी लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे मंच उन व्यक्तियों को पहचान दिलाने का कार्य करते हैं, जो अपने क्षेत्र में चुपचाप उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं।
आयोजकों ने कहा कि मोहिनी कोरंगा की उपस्थिति इस कार्यक्रम को और भी गौरवपूर्ण बनाएगी तथा उनके जीवन संघर्ष से अन्य लोगों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।








