महिला सशक्तिकरण, निःशुल्क कानूनी सहायता व साइबर सुरक्षा पर दी गई जानकारी
बागेश्वर/कांडा। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल द्वारा जारी फरवरी 2026 के प्लान ऑफ एक्शन के तहत 11 फरवरी को ‘विज्ञान में महिलाओं और लड़कियों का अंतरराष्ट्रीय दिवस’ के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बागेश्वर द्वारा डिग्री कॉलेज कांडा में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बागेश्वर श्रीमती अनीता कुमारी ने छात्र-छात्राओं को महिला सशक्तिकरण तथा विज्ञान के क्षेत्र में महिलाओं के योगदान पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समाज में समान अवसर और शिक्षा के माध्यम से ही महिलाएं विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू सकती हैं। इस दौरान निःशुल्क कानूनी सहायता, राष्ट्रहित में मध्यस्थता अभियान-2.0, मुकदमेबाजी से पूर्व मध्यस्थता, विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली, नालसा ड्वान योजना (नशे से होने वाले दुष्परिणाम) तथा नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई। शिविर के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में पुलिस विभाग की ओर से उपनिरीक्षक दिनेश पंत,थाना कांडा ने साइबर सुरक्षा एवं मोटर वाहन अधिनियम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की और विद्यार्थियों को जागरूक रहने का संदेश दिया। शिविर में महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।








