logo

बुनियादी सुविधाओं के अभाव ने बढ़ाई ग्रामीणों की मुश्किलें,बीमार महिला को 10 किमी डोली में ले जाना पड़ा

खबर शेयर करें -

कपकोट: बागेश्वर जिले के कपकोट विकासखंड की ग्राम पंचायत वाछम के दूरस्थ तोक जातौली में आज भी सड़क और संचार जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव ग्रामीणों के लिए गंभीर संकट बना हुआ है। मंगलवार को 50 वर्षीय दुर्गा देवी की तबीयत अचानक बिगड़ने पर समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध नहीं हो सकी। मजबूरन ग्रामीणों ने उन्हें लगभग 10 किलोमीटर तक डोली में उठाकर खाती मोटर मार्ग तक पहुंचाया।
ग्राम प्रधान दिनेश सिंह दानू ने बताया कि जातौली तोक के करीब 30 परिवार आज भी मोटर मार्ग से नहीं जुड़े हैं। इसके साथ ही क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क की सुविधा भी नहीं है। उनका कहना है कि यदि मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध होता तो समय रहते 108 आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा को सूचना देकर मरीज को सीधे जिला अस्पताल बागेश्वर भेजा जा सकता था। लेकिन सड़क और संचार व्यवस्था के अभाव में परिजनों को दुर्गा देवी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खाती में ही भर्ती कराना पड़ा। ग्राम प्रधान ने बताया कि इस गंभीर समस्या को देखते हुए लगभग छह माह पूर्व जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी कपकोट तथा क्षेत्रीय विधायक को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए वी-सैट अथवा सैटेलाइट फोन सुविधा उपलब्ध कराने संबंधी औपचारिक आवेदन दिया गया था। उनका आरोप है कि बार-बार अनुरोध और आवेदन के बावजूद अब तक प्रशासन स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। छह महीने बाद भी प्रस्ताव फाइलों तक सीमित है, जिससे ग्रामीणों को आज भी जान जोखिम में डालकर मरीजों को पैदल ढोने के लिए विवश होना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि खाती से जातौली तक लोक निर्माण विभाग का पैदल मार्ग कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो चुका है। मार्ग पर दो स्थानों पर पेड़ भी गिरे हुए हैं, जिससे आवागमन और अधिक कठिन एवं जोखिमपूर्ण हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त पैदल मार्ग की शीघ्र मरम्मत, अवरोध हटाने, सड़क संपर्क और संचार सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की मांग की है। बताया कि यदि समय रहते आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं तो भविष्य में ऐसी घटनाएं किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं।

Share on whatsapp