बागेश्वर। अल्मोड़ा मैग्नेसाइट वर्कर्स यूनियन ने अल्मोड़ा मैग्नेसाइट लिमिटेड कंपनी की खराब स्थिति, श्रमिक हितों और आर्थिक पैकेज की मांग को लेकर क्षेत्रीय विधायक को ज्ञापन सौंपते हुए कंपनी को पुनः संचालित करने की मांग उठाई है।
यूनियन पदाधिकारियों ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि उत्तराखंड सरकार औद्योगिक नीतियों और रोजगार को बढ़ावा देने की बात करती है, लेकिन लंबे समय से बंद पड़ी अल्मोड़ा मैग्नेसाइट कंपनी के कारण क्षेत्र के कई श्रमिक और उनके परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। ज्ञापन में कंपनी की वर्तमान स्थिति को चिंताजनक बताते हुए कहा गया कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो श्रमिकों की समस्याएं और गंभीर हो सकती हैं। मजदूर यूनियन ने कंपनी को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए सरकार से आर्थिक पैकेज जारी करने की मांग की है। साथ ही श्रमिकों के लंबित वेतन, रोजगार सुरक्षा और कंपनी से जुड़े अन्य मुद्दों के समाधान की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। उन्होंने बताया कि कंपनी के संचालन से क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। यूनियन पदाधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों से इस मामले को गंभीरता से उठाकर शासन स्तर पर प्रभावी पहल करने की मांग की है।
यूनियन ने उम्मीद जताई कि सरकार और जनप्रतिनिधि श्रमिकों की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए जल्द सकारात्मक निर्णय लेंगे, जिससे बंद पड़ी औद्योगिक गतिविधियों को दोबारा गति मिल सके।








