बागेश्वर। जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत कोतवाली बागेश्वर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने स्मैक तस्करी के एक मामले में लंबे समय से वांछित चल रहे अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक बागेश्वर चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में कोतवाली बागेश्वर में पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 68/2025, धारा 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत वांछित अभियुक्त मयंक सिंह कन्याल (25 वर्ष), निवासी दुर्गा विहार, मुखानी, नैनीताल की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। एसपी के निर्देश पर गठित विशेष पुलिस टीम ने पतारसी–सुरागरसी के आधार पर अभियुक्त को दबोचने में सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त युवाओं को नशे का जहर परोसने के अवैध कारोबार में संलिप्त था और लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था। गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पहले से दर्ज हैं एनडीपीएस के मामले
गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ पूर्व में भी FIR संख्या 171/2024, धारा 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना मुखानी, जनपद नैनीताल में मामला दर्ज है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
उपनिरीक्षक मनोहर चन्द – कोतवाली बागेश्वर
कांस्टेबल राजेन्द्र सिंह – कोतवाली बागेश्वर
कांस्टेबल इमरान खान – एसओजी (SOG), बागेश्वर
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और युवाओं को नशे से बचाने के लिए इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।








