logo

महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल,30 रिसोर्स पर्सनों को मिला मार्केटिंग व उद्यमिता का प्रशिक्षण

खबर शेयर करें -

बागेश्वर : महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जन शिक्षण संस्थान और मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को संस्थान के 30 रिसोर्स पर्सनों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों को मार्केटिंग, प्रोडक्ट डेवलपमेंट, प्राइसिंग और कॉस्ट कटिंग की बारीकियों से अवगत कराया गया।

प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री उद्यमशाला के इनक्यूबेशन मैनेजर दलीप सिंह कुलेगी ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महिला उद्यमियों की अहम भूमिका है। उन्होंने प्रतिभागियों को बताया कि किस तरह मार्केटिंग रणनीति, लागत निर्धारण और प्रोडक्ट की गुणवत्ता में सुधार कर स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाया जा सकता है।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों को भारत सरकार और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई। इसमें वित्तीय सहायता, दस्तावेजीकरण प्रक्रिया, प्रशिक्षण, प्रोडक्ट ब्रांडिंग और ऑनलाइन पिचिंग जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशिक्षण के बाद सभी प्रतिभागियों का एसेसमेंट जन शिक्षण संस्थान के डायरेक्टर, मुख्यमंत्री उद्यमशाला के इनक्यूबेशन मैनेजर और संस्थान के उपाध्यक्ष द्वारा किया गया। मूल्यांकन के उपरांत प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। जन शिक्षण संस्थान के उपाध्यक्ष दीप चंद्र पाठक ने बताया कि जन शिक्षण संस्थान लंबे समय से जिले में स्थानीय महिलाओं को सिलाई, ब्यूटी पार्लर, बुनाई सहित विभिन्न स्किल आधारित प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने का कार्य कर रहा है। मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के सहयोग से अब इन प्रशिक्षणों को उद्यमिता के साथ जोड़ने की दिशा में ठोस कदम उठाया जा रहा है। इस दौरान निदेशक जितेंद्र कुमार तिवारी,नरेंद्र खेतवाल आदि मौजूद रहे।

Share on whatsapp