बागेश्वर जिला ताइक्वांडो एवं पारा ताइक्वांडो एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय राज्यस्तरीय ताइक्वांडो एवं पारा ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आज भव्य शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन विधायक पार्वती दास, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष विशाखा खेतवाल ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के मैच में अंडर 25 kg सब जूनियर बॉयज में बागेश्वर के कार्तिक ने उधम सिंह नगर के आदित्य सिंह को हरा कर गोल्ड अपने नाम किया। वही अंडर 29 kg सब जूनियर गर्ल में निहारिका चौधरी बागेश्वर और मान्यता पांडे अल्मोड़ा के बीच हुआ जिसमें निहारिका ने जीत हासिल की। वही दूसरा मैच अल्मोड़ा की साक्षी और बागेश्वर की काव्या कोहली के बीच हुआ जिसमें साक्षी ने जीत हासिल की। वही फाइनल मैच साक्षी और निहारिका के बीच हुआ जिसमें साक्षी ने जीत हासिल कर गोल्ड अपने नाम किया। वही 63kg जूनियर वर्ग में बागेश्वर के प्रियांशु कार्की ने उधम सिंह नगर के आयुष्मान शर्मा को हरा कर गोल्ड अपने नाम किया। इस अवसर पर विधायक पार्वती दास ने कहा कि बागेश्वर जनपद ने ताइक्वांडो खेल में अपनी एक अलग और मजबूत पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि यहां के खिलाड़ी हर वर्ष राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन कर रहे हैं। यह क्षेत्र के युवाओं की प्रतिभा और प्रशिक्षकों की मेहनत का परिणाम है। वही जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्य और उपाध्यक्ष विशाखा खेतवाल ने कहा कि ताइक्वांडो जैसे खेल न केवल खिलाड़ियों को शारीरिक रूप से मजबूत बनाते हैं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और संघर्ष की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

जिला ताइक्वांडो एवं पारा ताइक्वांडो एसोसिएशन के सचिव किशोर कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश भर से 200 से अधिक खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता सब जूनियर, कैडेट, जूनियर एवं सीनियर वर्ग में आयोजित की जा रही है, जिसमें बालक-बालिका वर्ग के साथ पारा ताइक्वांडो के खिलाड़ी भी हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के सफल संचालन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं तथा मुकाबलों के लिए अनुभवी रेफरी और निर्णायक तैनात किए गए हैं। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष आनंद सिंह बोरा,समन्वयक दयाल सिंह,प्रदीप जोशी,मयंक दीक्षित,आनंद यादव,इंटरनेशनल खिलाड़ी लतिका भंडारी,कमल बिष्ट,उप सचिव जगदीश उपाध्याय आदि मौजूद रहे।








