बागेश्वर। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से 6 अगस्त को जनपद में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी और ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने स्कूलों में अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी बागेश्वर के आदेश के अनुसार 6 अगस्त 2026 (गुरुवार) को कक्षा 1 से 12 तक के सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान में जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के अत्यंत तीव्र दौर की संभावना जताई गई है। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने मौसम की स्थिति को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से जोखिम वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है।








