logo

लोकधुनों पर सजी होली की महफिल, सैम मंदिर टीम ने मारी बाजी

खबर शेयर करें -

बागेश्वर,
युवा होली समिति के तत्वावधान में सरयू बगड़ में आयोजित महिला होली प्रतियोगिता ने नगर की सांस्कृतिक फिजा को लोकधुनों से सराबोर कर दिया। नगर क्षेत्र की छह टीमों—नदीगांव, मंडलसेरा, भागीरथी, बागनाथ, ग्रामोत्थान और कथायतबाड़ा—ने पारंपरिक कुमाऊँनी होली की शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ पार्वती दास विधायक बागेश्वर और जिलाध्यक्ष व्यापार मंडल बबलू नेगी ने किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन हमारी समृद्ध लोकसंस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं। होली केवल उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। प्रतियोगिता में प्रत्येक टीम की नौ महिलाओं और दो बालिकाओं ने मंच पर बैठकी व खड़ी होली की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक राग-रागिनियों के साथ हास्य-व्यंग्य और सामाजिक संदेशों का समावेश भी देखने को मिला। प्रस्तुति के दौरान ताल, लय और वाद्य यंत्रों की संगत ने वातावरण को पूरी तरह होलीमय बना दिया। निर्णायक मंडल के मूल्यांकन के आधार पर सैम मंदिर नदीगांव की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। भागीरथी टीम द्वितीय तथा बागनाथ टीम तृतीय स्थान पर रही। अन्य प्रतिभागी टीमों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन ने न केवल महिलाओं की सांस्कृतिक प्रतिभा को मंच दिया, बल्कि नगर की लोक परंपराओं को भी नई ऊर्जा प्रदान की। इस दौरान भास्कर दास,नवीन साह,उमेश साह,नवीन रावल, अंकित नगरकोटी, मनोज बचखेती, मनोज ओली,राजेंद्र परिहार,नीरज उपाध्याय,अनुज साह मौजूद रहे। कार्यक्रम में निर्णायक डॉ राजीव जोशी, डॉ गोपाल दत्त जोशी और सविता जोशी रहे।

Share on whatsapp