logo

कपकोट के केदारेश्वर मैदान में राष्ट्रीय पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

खबर शेयर करें -

कपकोट (बागेश्वर)। बागेश्वर जनपद के कपकोट स्थित ऐतिहासिक केदारेश्वर मैदान में आज गुरुवार से राष्ट्रीय पैराग्लाइडिंग एक्यूरसी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हो गया। यह प्रतियोगिता आज 5 फरवरी से 9 फरवरी 2026 तक आयोजित की जा रही है, जिसमें देशभर से आए 96 अनुभवी पैराग्लाइडर पायलट एवं भारतीय सेना के प्रशिक्षित पायलट प्रतिभाग कर रहे हैं।

उद्घाटन अवसर पर दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट, विधायक सुरेश गढ़िया, विधायक पार्वती दास, जिलाधिकारी आकांक्षा कोडे, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य क्षेत्र में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देना और युवाओं को नए अवसर प्रदान करना है। प्रतियोगिता के तहत प्रतिभागी जालेख क्षेत्र से उड़ान भरकर केदारेश्वर मैदान में निर्धारित लक्ष्य बिंदु पर सटीक लैंडिंग कर रहे हैं। प्रतियोगिता में पायलटों की तकनीकी दक्षता, संतुलन और साहस की कड़ी परीक्षा ली जा रही है। आयोजन स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उड़ान और लैंडिंग स्थल पर विशेषज्ञ तकनीकी टीम, चिकित्सा दल, अग्निशमन व्यवस्था एवं स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है। दर्शकों के लिए भी विशेष बैठने और देखने की व्यवस्था की गई है।
प्रतियोगिता में विजेताओं के लिए आकर्षक पुरस्कार राशि घोषित की गई है। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को एक लाख रुपये, द्वितीय को पचास हजार रुपये तथा तृतीय को तीस हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इससे प्रतिभागियों का उत्साह और अधिक बढ़ा है। कार्यक्रम का आयोजन पर्यटन विभाग एवं फ्लाई हिमालयाज एडवेंचर संस्था के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। संस्था द्वारा इससे पूर्व भी जनपद में कई सफल साहसिक खेल आयोजनों का संचालन किया जा चुका है। वही दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट ने प्रतियोगिता को क्षेत्र के विकास और पर्यटन विस्तार के लिए मील का पत्थर बताया। विधायक सुरेश गढ़िया ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से न केवल स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर मिलेंगे, बल्कि कपकोट-बागेश्वर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान भी मिलेगी। जिलाधिकारी आकांक्षा कोडे ने बताया कि आने वाले वर्षों में इस प्रतियोगिता को और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा, जिससे बागेश्वर साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में एक प्रमुख केंद्र के रूप में उभर सके। इस दौरान जिलाध्यक्ष भाजपा प्रभा गढ़िया, सीडीओ आरसी तिवारी, जिला पंचायत सदस्य नवीन परिहार, गिरीश परिहार, भाजपा महामंत्री संजय परिहार, नगर पंचायत अध्यक्ष गीता ऐठानी, कपकोट एसडीएम अनिल चन्याल, ब्लॉक प्रमुख कपकोट भावना शाही, पर्यटन अधिकारी पीके गौतम आदि मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  नरगड़ा में 11 केवी लाइन का तार टूटा, पूरे क्षेत्र की बिजली गुल पांकड़ में पेड़ गिरने से हर्षिला फीडर भी हुआ ब्रेकडाउन, बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटा विभाग
Ad
Share on whatsapp