logo

रोमांच के शौकीनों के लिए खुली ग्लेशियर की राह,15 अप्रैल से खुलेगा पिंडारी ग्लेशियर

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। जनपद का प्रमुख पर्यटन आकर्षण पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक रूट इस वर्ष भी 15 अप्रैल से 15 जून 2026 तक पर्यटकों, ट्रेकर्स और अभियान दलों के लिए खोल दिया जाएगा। प्रशासन और पर्यटन विभाग ने ट्रैक को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी पी.के. गौतम ने बताया कि ट्रैक मार्ग पर पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा और मार्गदर्शन के लिए समुचित व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने कहा कि ट्रेकर्स को बेहतर अनुभव देने के लिए विभिन्न स्थानों पर आवश्यक समन्वय और सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं।
उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित पिंडारी ग्लेशियर अपनी प्राकृतिक सुंदरता और रोमांचकारी ट्रैकिंग के लिए देश-विदेश में प्रसिद्ध है। हर वर्ष बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचते हैं।
ट्रैकिंग के लिए पंजीकरण बागेश्वर वन प्रभाग के हिचोड़ी और जैकुनी स्थित इको-टूरिज्म केंद्रों में किया जाएगा। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और बदलते मौसम को देखते हुए इन केंद्रों पर 24 घंटे वन कर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए ट्रैक को प्लास्टिक और ठोस अपशिष्ट से मुक्त रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। पर्यटकों से एफडीआर (सुरक्षा धनराशि) जमा कराई जाएगी, जिसे ट्रैकिंग के दौरान उत्पन्न कचरे को निर्धारित स्थान पर जमा कराने के बाद वापस किया जाएगा।
प्रभागीय वनाधिकारी आदित्य रत्न ने पर्यटकों से अपील की है कि वे ट्रैकिंग के दौरान प्लास्टिक का न्यूनतम उपयोग करें और कचरे का उचित निस्तारण करें। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र जैव विविधता की दृष्टि से बेहद संवेदनशील है, इसलिए सभी को पर्यावरण संरक्षण के नियमों का पालन करना चाहिए।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  राम मंदिर और चारधाम चंदा चोरी प्रकरण पर कांग्रेस का राम मंदिर बागेश्वर में मौन उपवास, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
Ad
Share on whatsapp