बागेश्वर। राष्ट्रीय राजमार्ग खंड रानीखेत द्वारा बागेश्वर स्थित गोमती और सरयू के पुराने पुलों पर भारी वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए लगाए गए गाडर को शनिवार सुबह एक वाहन ने टक्कर मारकर गिरा दिया। घटना के बाद विभाग में हड़कंप मच गया और दिनभर गाडर को दोबारा स्थापित करने का कार्य चलता रहा। बताया जा रहा है कि पुलों की सुरक्षा को देखते हुए एनएच रानीखेत ने दोनों पुराने पुलों पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। इसके लिए शुक्रवार को गोमती और सरयू पुल के दोनों ओर गाडर लगाए गए थे, ताकि बड़े और भारी वाहन पुल से होकर न गुजर सकें। गाडर लगाए जाने के बाद भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई थी। इसी बीच शनिवार सुबह करीब पांच बजे एक वाहन चालक ने गोमती पुल पर लगे गाडर को टक्कर मार दी, जिससे वह नीचे गिर गया। घटना के बाद कुछ समय के लिए व्यवस्था प्रभावित रही। सूचना मिलने पर विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त गाडर को दोबारा लगाने का कार्य शुरू कराया गया। दिनभर कर्मचारियों की टीम मौके पर मरम्मत और पुनर्स्थापना में जुटी रही। एनएच के सहायक अभियंता प्रकाश आर्या ने बताया कि पुलों की स्थिति को देखते हुए भारी वाहनों पर प्रतिबंध लगाया गया है और सुरक्षा के मद्देनजर गाडर लगाए गए थे। उन्होंने कहा कि गाडर को नुकसान पहुंचाने वाले वाहन चालक के खिलाफ विभागीय स्तर पर कार्रवाई कर दी गई है। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती बरती जाएगी।








