बागेश्वर : बीडी पांडे कैंपस में निशुल्क पुस्तक मेले का आयोजन किया, जहां छात्रों को विश्वविद्यालय स्तर की महत्वपूर्ण पुस्तकों का निःशुल्क वितरण किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराकर उनकी शैक्षणिक क्षमता को मजबूत करना और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहयोग प्रदान करना है। पहले दिन 2608 पुस्तकों का विरतण किया। दो दिन तक चलने वाले इस पुस्तक मेले में पुस्तक प्राप्त करने के लिए प्रत्येक छात्र को अपना पहचानपत्र साथ लाना अनिवार्य है। पहचान के लिए आधार कार्ड अथवा कोई अन्य वैध पहचानपत्र प्रस्तुत किया जा सकता है। पुस्तक मेले का शुभारंभ कैंपस के निदेशक कमल किशोर ने किया। उन्होंने बताया कि यह मेला, विश्वविद्यालय में नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू होने से पूर्व प्रकाशित पुस्तकों के वितरण के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। सीमित संसाधनों वाले विद्यार्थियों के लिए यह मेला अत्यंत सहायक सिद्ध होगा। वही मेले में पुस्तकों का लाभ उठा रही छात्राओं में शामिल लता उपाध्याय ने कहा कि निशुल्क पुस्तक मेला देखकर और यहां से उपयोगी किताबें पाकर काफी अच्छा लगा। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आर्थिक बोझ के बिना ऐसे संसाधन मिलना हम जैसे छात्रों के लिए बहुत मददगार है। इस दौरान डॉ पुष्पा, डॉ पंजक दुबे, डॉ देवेंद्र राणा, डॉ अमित जोशी, डॉ नरेश ग्वाल, चंदन गड़िया आदि मौजूद रहे।








