वज्यूला इंटर कॉलेज में शुरू हुआ चार दिवसीय आपदा प्रबंधन एवं फर्स्ट एड प्रशिक्षण
बागेश्वर : भारतीय रेड क्रॉस समिति उत्तराखंड एवं उत्तराखंड आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में अटल उत्कृष्ट पदम सिंह परिहार राजकीय इंटर कॉलेज, वज्यूला में चार दिवसीय आपदा प्रबंधन एवं फर्स्ट एड प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी आशीष भटगाई, रेड क्रॉस समिति के चेयरमैन इंद्र सिंह फर्स्वाण और एसएसबी के असिस्टेंट कमांडर जसबीर सिंह तोमर ने किया। इस दौरान एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीमों ने सहयोग प्रदान किया। प्रशिक्षण शिविर में छात्र-छात्राओं को आपदा की स्थिति में अपनाए जाने वाले बचाव के तरीकों के साथ-साथ प्राथमिक उपचार और हृदय गति रुकने की स्थिति में सीपीआर तकनीक की जानकारी दी जाएगी। विशेषज्ञों ने बताया कि प्राकृतिक आपदा या दुर्घटना के समय शुरुआती 10 से 15 मिनट बेहद अहम होते हैं, ऐसे में फर्स्ट एड की जानकारी से कई लोगों की जान बचाई जा सकती है। जिलाधिकारी आशीष भटगाई ने कहा कि उत्तराखंड भौगोलिक दृष्टि से संवेदनशील राज्य है, जहाँ आपदा का खतरा हमेशा बना रहता है। इसलिए युवाओं को आपदा प्रबंधन के गुर सिखाना और उन्हें प्रशिक्षित करना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएँ न केवल छात्रों को सजग बनाती हैं, बल्कि वे अपने गांव और समाज में भी जागरूकता फैलाने का कार्य करते हैं। रेड क्रॉस समिति के चेयरमैन इंद्र सिंह फर्स्वाण ने कहा कि समिति का मुख्य उद्देश्य युवाओं को आपदा प्रबंधन और प्राथमिक उपचार में दक्ष बनाना है। उन्होंने बताया कि आपदा की घड़ी में प्रशिक्षित युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने छात्रों से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और इसे समाजहित में उपयोग करने का आह्वान किया। वहीं सचिव आलोक पांडे ने बताया कि चार दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान हर दिन विभिन्न विषयों पर अलग-अलग सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें आगजनी की स्थिति में बचाव, भूकंप से निपटने की रणनीति, सड़क दुर्घटनाओं में प्राथमिक उपचार, बाढ़ और भूस्खलन के समय अपनाए जाने वाले कदम आदि शामिल हैं। प्रशिक्षण देने के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों, आपदा प्रबंधन कर्मियों तथा सुरक्षा बलों की टीमों को लगाया गया है। वहीं प्रशिक्षण के दौरान छात्रों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से हम सभी का आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे भविष्य में किसी भी आपातकालीन स्थिति में साहसपूर्वक कार्य कर सकेंगे। यह प्रशिक्षण हमे आपदा के समय संयम से कार्य करना सिखाएंगे। इस दौरान कोषाध्यक्ष जगदीश उपाध्याय,प्रदेश प्रतिनिधि दीपक पाठक,वाइस चेयरमैन ललित मोहन जोशी,उमेश जोशी, शंकर लाल,संजय साह जगाती, तहसीलदार निशा रानी,प्रधानाचार्य दीपक आर्य,रेंजर प्रदीप कांडपाल,वेद प्रकाश पांडे,प्रमोद जोशी, आर पी कांडपाल,हिमांशु जोशी,पंकज खेतवाल आदि मौजूद रहे।








