बागेश्वर। नदीगांव क्षेत्र में तेंदुए की लगातार उपस्थिति की सूचना मिलने के बाद वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके में ट्रैप कैमरे और एनीडर स्थापित किए हैं। वन विभाग का उद्देश्य तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखना और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
प्रभागीय वनाधिकारी आदित्य रत्न ने बताया कि क्षेत्र से लगातार तेंदुए की आवाजाही की जानकारी मिल रही थी। इसी के चलते विभागीय कर्मचारियों द्वारा बुधवार को नदीगांव में ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही वन विभाग की टीम द्वारा क्षेत्र में लगातार गश्त की जा रही है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे विशेष रूप से रात्रि के समय घरों से बाहर न निकलें, बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को दें।
इस अभियान के दौरान वन दरोगा नवीन कुमार और वन आरक्षी इन्द्र सिंह भंडारी मौके पर मौजूद रहे। वन विभाग ने भरोसा दिलाया है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विभाग पूरी तरह सतर्क है।








