logo

केमिकल से पकाए फल और रंगी सब्जियों पर शिकंजा, बागेश्वर में खाद्य विभाग का सख्त अभियान

खबर शेयर करें -

बागेश्वर में गर्मी के मौसम को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने मिलावटखोरी के खिलाफ सख्ती बढ़ा दी है। फलों और सब्जियों की बढ़ती मांग के बीच केमिकल और हानिकारक रंगों के इस्तेमाल की आशंका को लेकर विभाग ने व्यापक जांच अभियान चलाया। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा प्रकाश फुलारा एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार के नेतृत्व में टीम ने नगर के मुख्य बाजार, सब्जी की दुकानों और मॉल क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान आम, केला और पपीता जैसे फलों को कैल्शियम कार्बाइड जैसे रसायनों से पकाने तथा लौकी, परवल, भिंडी और मिर्च जैसी सब्जियों में प्रतिबंधित रंगों के उपयोग पर विशेष नजर रखी गई। जांच के दौरान संदिग्ध पाए जाने पर फल और सब्जियों के 6 नमूने तथा अंडों के 2 नमूने एकत्र किए गए, जिन्हें परीक्षण के लिए राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा गया है। अधिकारियों ने विक्रेताओं को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि फलों को प्राकृतिक तरीके से पकाया जाए और सब्जियों में किसी भी प्रकार के रंग का प्रयोग न किया जाए। विभाग ने स्पष्ट किया कि कैल्शियम कार्बाइड से फल पकाना और सब्जियों में हानिकारक रंग मिलाना खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत दंडनीय अपराध है। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि वे फल और सब्जियां खरीदते समय सतर्कता बरतें। अत्यधिक चमकदार या एक समान रंग वाले फलों से बचें और उपयोग से पहले उन्हें अच्छी तरह धोएं। इस दौरान भूपेंद्र देव आदि मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया विधायक कार्यालय का घेराव, मुख्य मार्ग पर लगा जाम
Ad
Share on whatsapp