logo

कोट भ्रामरी मेले में खाद्य विभाग का छापा, 10 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए

खबर शेयर करें -

बाहरी क्षेत्रों से आए खाद्य कारोबारियों और स्टॉलों का किया औचक निरीक्षण, स्वच्छ खाद्य सामग्री बेचने के निर्देश
गरुड़। कोट भ्रामरी मेला डंगोली को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने गरुड़ क्षेत्र में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड देहरादून तथा जिलाधिकारी बागेश्वर के निर्देशों के क्रम में चलाए गए अभियान के दौरान मेले में बाहरी क्षेत्रों से आए खाद्य कारोबारियों और स्टॉलों का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कारोबारियों से स्वच्छ एवं स्वास्थ्यवर्धक खाद्य सामग्री ही उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही खाद्य पदार्थों को ढककर रखने तथा साफ-सफाई बनाए रखने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अभियान के दौरान विभागीय टीम ने खुली नमकीन, पेठा, जूस सहित कुल 10 खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला जांच की रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य विभाग की टीम ने कहा कि मेले में बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करना जरूरी है। इसी उद्देश्य से विशेष अभियान चलाकर खाद्य कारोबारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अभियान में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार तथा भूपेंद्र देव मौजूद रहे।

Share on whatsapp