बागेश्वर नगर क्षेत्र में बीते कुछ समय से दहशत का कारण बनी गुलदार की सक्रियता पर आखिरकार विराम लग गया। वन विभाग की सतर्कता और लगातार प्रयासों के चलते आज एक मादा गुलदार को बिलौना से सुरक्षित रूप से पिंजरे में पकड़ लिया है। नगर क्षेत्र में लगातार गुलदार के दिखने और मवेशियों के शिकार की घटनाओं ने लोगों में भय का माहौल बना दिया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने ट्रैप कैमरों के जरिए गुलदार की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी। इसके साथ ही माजिया खेत, तुनेड़ा तहसील परिसर तथा बिलौना भागीरथी मुख्य बाजार सहित विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर पिंजरों की लोकेशन समय- समय पर बदलते हुए उन्हें स्थापित किया गया। वन क्षेत्राधिकारी केवलानंद पांडे ने बताया कि विभाग को लगातार गुलदार द्वारा मवेशियों को शिकार बनाने की शिकायतें मिल रही थीं। इसी के आधार पर बिलौना क्षेत्र में पिंजरा लगाया गया, जहां आखिरकार गुलदार पकड़ में आ गया। उन्होंने बताया कि बागेश्वर रेंज में अब तक कुल 7 गुलदारों का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया जा चुका है, जो विभाग की सक्रियता और तत्परता को दर्शाता है। इस अभियान में वन क्षेत्राधिकारी बागेश्वर केवलानंद पांडे, वन दरोगा तारा सिंह फर्स्वाण, नवीन कुमार, बीट अधिकारी चंदन राम एवं इंद्र सिंह भंडारी सहित वन विभाग की टीम सक्रिय रूप से शामिल रही।








