बागेश्वर। दुग-नाकुरी तहसील के भैरूचौबट्टा गांव के तिलाड़ी तोक में मंगलवार को पुंगर नदी पार करते समय आठ वर्षीय बच्ची तेज बहाव की चपेट में आ गई। हादसे के बाद साथ चल रहे बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीणों ने नदी में खोजबीन शुरू की। करीब 500 मीटर दूर बच्ची का शव बरामद हुआ। हादसे से गांव में शोक की लहर है।
आपदा प्रबंधन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार गुड्डी पुत्री चंदन कुमार, निवासी तिलाड़ी तोक, भैरूचौबट्टा, मंगलवार को रोजाना की तरह स्कूल गई थी। छुट्टी के बाद वह चार-पांच अन्य छात्र-छात्राओं के साथ घर लौट रही थी। करीब साढ़े तीन बजे पुंगर नदी पार करते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नदी में गिर गई। ऊपरी क्षेत्रों में बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था और तेज बहाव में बच्ची बह गई।
साथ चल रहे बच्चों ने उसे नदी में बहता देखकर शोर मचाना शुरू कर दिया। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नदी में बच्ची की तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर उसका शव बरामद किया गया।
गुड्डी प्राथमिक विद्यालय करुली में कक्षा एक में पढ़ती थी। वह तीन बहनों में सबसे छोटी थी। उसके पिता हिमाचल प्रदेश में निजी नौकरी करते हैं, जबकि मां मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती हैं। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। करुली के ग्राम प्रधान चंदन खेतवाल ने बताया कि घटनास्थल से करीब 400 मीटर की दूरी पर पुल बना हुआ है, जिसका इस्तेमाल बरसात के दौरान बच्चे आवाजाही के लिए करते हैं। पिछले कुछ दिनों से नदी का जलस्तर कम होने के कारण बच्चे नदी के रास्ते से आने-जाने लगे थे। मंगलवार को अचानक जलस्तर बढ़ने से यह दर्दनाक हादसा हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। घटना की जांच की जा रही है।







