विद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त पदों की मांगी सूची, कमी वाले स्कूलों में वैकल्पिक व्यवस्था के निर्देश
बागेश्वर। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनी गईं। जनसुनवाई में कुल 10 शिकायतें और प्रकरण दर्ज किए गए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई से अवगत कराने को कहा।
जनसुनवाई में शिक्षा विभाग से जुड़े प्रकरण सामने आने पर जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को जिले के सभी विद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त पदों की विद्यालयवार और विकासखंडवार सूची तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन विद्यालयों में शिक्षकों की कमी के कारण शिक्षण व्यवस्था प्रभावित हो रही है, वहां तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
जिलाधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारियों को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने निरीक्षण के दौरान शिक्षकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति के साथ-साथ शिक्षण व्यवस्था की भी समीक्षा करने को कहा।
जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से शत-प्रतिशत फोन पर संपर्क कर शिकायत के निस्तारण और की गई कार्रवाई के संबंध में फीडबैक लेने के निर्देश दिए। उन्होंने शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों से जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करने को कहा।
मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार ने भी हैलो बागेश्वर के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा, अपर जिलाधिकारी एनएस नबियाल सहित जिला स्तरीय अधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।







