logo

वन विभाग में प्रभाग दिवस का आयोजन 21 शिकायतें दर्ज, ग्रामीणों ने जंगली जानवरों,वनाग्नि व खड़िया खनन का उठाया मुद्दा

खबर शेयर करें -

बागेश्वर : वन विभाग द्वारा प्रभाग कार्यालय में प्रभाग दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी आदित्य रत्न की अध्यक्षता में आयोजित प्रभाग दिवस में विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं। इस दौरान कुल 21 शिकायतें दर्ज की गईं।

प्रभाग दिवस में ग्रामीणों ने वन एवं पर्यावरण से जुड़ी गंभीर समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। खास तौर पर भालू, तेंदुए,सुअर और बंदरों के आतंक ने निजात दिलाने की मांग उठी। ग्रामीणों ने कहा कि जंगली जानवर अब हर दिन शहरों के आस-पास दिखाई देने लगे है। जिससे लगातार खतरा भी बढ़ता जा रहा है। कई मवेशियों और लोगों पर भी हमले जानवर कर चुके है। प्रभाग दिवस में मौजूद अधिकारियों ने शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित मामलों में शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
ग्रामीण गोपाल पांडे ने क्षेत्र में बढ़ते जंगली जानवरों के आतंक का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बंदर, गुलदार और अन्य वन्यजीवों के कारण खेती को भारी नुकसान हो रहा है, साथ ही ग्रामीणों की सुरक्षा भी खतरे में है। उन्होंने वन विभाग से प्रभावी नियंत्रण और त्वरित कार्रवाई की मांग की। वहीं ग्रामीण भीम सिंह मनकोटि ने जंगलों में लगने वाली आग को लेकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि हर वर्ष गर्मियों के मौसम में जंगलों में आग लगने से वन संपदा के साथ-साथ ग्रामीणों की आजीविका को भी नुकसान पहुंचता है। आग की घटनाओं पर समय रहते नियंत्रण और जागरूकता अभियान चलाए जाने की आवश्यकता है। वही ग्रामीण माधवानंद पांडे ने खड़िया खनन से वन पंचायत की भूमि को हो रहे नुकसान पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अवैध और अनियंत्रित खनन से वन पंचायत की जमीन प्रभावित हो रही है, जिससे पर्यावरण संतुलन बिगड़ रहा है। इस पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई। वही प्रभागीय वनाधिकारी आदित्य रत्न ने कहा कि वन विभाग का उद्देश्य है कि आमजन की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका समाधान किया जाए। इसी के तहत प्रत्येक माह के अंतिम शनिवार को प्रभाग दिवस का आयोजन किया जा रहा है। प्रभाग दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाएगा और जिन मामलों में अन्य विभागों का सहयोग आवश्यक होगा, वहां समन्वय कर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वन एवं वन्यजीव संरक्षण में विभाग का सहयोग करें और किसी भी समस्या की जानकारी सीधे विभाग तक पहुंचाएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। इस दौरान एसडीओ तनुजा परिहार, वन क्षेत्राधिकारी बागेश्वर केवलानन्द पाण्डे आदि मौजूद रहे।

Share on whatsapp