बागेश्वर: जिला बार संघ बागेश्वर के वर्ष 2026 से 2028 के चुनाव के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। मुख्य चुनाव अधिकारी मनोज जोशी द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार चुनाव प्रक्रिया 8 अप्रैल से प्रारंभ हो गई है।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत 8 अप्रैल को मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। मतदाता सूची के संबंध में यदि किसी मतदाता को कोई आपत्ति है, तो वह उसी दिन सायं 5 बजे तक मुख्य चुनाव अधिकारी अथवा सहायक चुनाव अधिकारी के समक्ष लिखित रूप में आपत्ति दर्ज करा सकता है। इसके बाद किसी भी प्रकार की आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी।
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 9 और 10 अप्रैल को सायं 5 बजे तक नामांकन पत्रों की बिक्री की जाएगी, जबकि 13 अप्रैल को सायं 5 बजे तक नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे। 14 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी तथा 15 अप्रैल को सायं 5 बजे तक नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 18 अप्रैल को प्रातः 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके बाद उसी दिन सायं 4 बजे से मतगणना शुरू होगी और विजयी प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी। बार संघ चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है और सभी की नजरें आगामी मतदान तिथि पर टिकी हुई हैं।








