बागेश्वर: शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे नवाचारों और प्रयोगों को समझने के उद्देश्य से डाइट गोचर के प्रशिक्षुओं ने पद्म सिंह परिहार राजकीय इंटर कॉलेज वज्यूला का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान 24 डीएलएड प्रशिक्षुओं एवं प्रवक्ताओं के दल ने विद्यालय में संचालित विभिन्न जनोपयोगी प्रकल्पों का अवलोकन किया। भ्रमण के दौरान प्रशिक्षुओं ने विद्यालय में स्थापित ‘बुक बैंक’ की कार्यप्रणाली को समझा। इस पहल के तहत आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को निशुल्क पाठ्य सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। साथ ही, भारतीय रेडक्रॉस समिति बागेश्वर के सहयोग से संचालित ‘फर्स्ट एड क्लीनिक’ का भी निरीक्षण किया गया, जहां छात्रों को आवश्यकता पड़ने पर प्राथमिक उपचार की सुविधा दी जाती है। इस अवसर पर डाइट प्राचार्य आकाश सारस्वत ने कहा कि शिक्षक समाजोपयोगी नवाचारों के माध्यम से शिक्षा को सकारात्मक दिशा दे रहे हैं। वहीं, विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमणों से भावी शिक्षकों को शिक्षा के व्यावहारिक पहलुओं को समझने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी पोखरी,विजय सिंह, शिवबरन राजपूत, उमेश चंद्र जोशी सहित अनेक शिक्षाविद एवं प्रशिक्षु शिक्षक उपस्थित रहे।








