logo

डायट प्रवक्ताओं ने शासन के पत्र पर जताई आपत्ति, पृथक कैडर नियमावली बनाने की मांग

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में कार्यरत प्रवक्ताओं ने शासन के हालिया पत्र पर आपत्ति जताते हुए उसे न्यायसंगत नहीं बताया है। प्रवक्ताओं ने उक्त आदेश को तत्काल निरस्त करने तथा डायट प्रवक्ताओं के लिए पृथक कैडर नियमावली बनाए जाने की मांग उठाई है। इस संबंध में सोमवार को प्रवक्ताओं ने डायट प्राचार्य के माध्यम से सचिव, विद्यालय शिक्षा उत्तराखंड को ज्ञापन भेजा।
प्रवक्ताओं का कहना है कि 13 मई को जारी शासनादेश के कारण संस्थान में कार्यरत प्रवक्ताओं के बीच विभेद की स्थिति उत्पन्न हो रही है। उनका आरोप है कि कैडर निर्माण एवं स्पष्ट नियमावली बनाने के बजाय इस प्रकार के आदेश जारी करना डायट की मूल संरचना और उद्देश्य के विपरीत है।
ज्ञापन में कहा गया कि किसी भी शासनादेश में डायट के लिए विशेष विषय आधारित नियुक्ति का प्रावधान नहीं है। ऐसे में विषय के आधार पर किसी प्रवक्ता को अतिरिक्त घोषित करना न्यायोचित नहीं माना जा सकता। प्रवक्ताओं ने कहा कि डायट का संचालन केंद्र पोषित शिक्षक शिक्षा योजना के तहत केंद्र सरकार से प्राप्त धनराशि से होता है और पद स्थापना के लिए पिंक बुक 1991, संशोधित शिक्षक शिक्षा गाइडलाइन 2012 तथा राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) के दिशा-निर्देशों का पालन अनिवार्य है।
प्रवक्ताओं ने यह भी कहा कि वर्तमान में एससीईआरटी और डायट में एक ही विज्ञप्ति के माध्यम से पदस्थापन होती रही है, लेकिन केवल डायट में समायोजन की प्रक्रिया अपनाना विभेदीकरण है, जो संविधान की मूल भावना के विपरीत है।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण संस्थानों के सात विभागों में निर्धारित योग्यताओं के आधार पर वर्ष 2006 से 2022 तक नियुक्तियां होती रही हैं। भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों में स्थायी नियुक्ति का प्रावधान है। यदि नियुक्तियां प्रतिनियुक्ति के आधार पर की जाती हैं, तो यह राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद की मूल संकल्पना के विरुद्ध होगा।
प्रवक्ताओं ने शासन से मांग की कि जारी पत्र को तत्काल निरस्त करते हुए डायट प्रवक्ताओं के लिए स्पष्ट और न्यायसंगत कैडर नियमावली बनाई जाए, ताकि समान योग्यता वाले शिक्षकों के बीच किसी प्रकार का भेदभाव समाप्त हो सके।
इस अवसर पर डा. मनोज पांडे, डा. केएस रावत, रवि कुमार जोशी, डा. सीएम जोशी, डा. बीडी पांडे, डा. हरीश जोशी, पूजा लोहनी, डा. उर्मिला बिष्ट कन्याल, डा. दीपा जोशी, डा. संदीप जोशी, डा. भुवन पांडे, डा. दया सागर सहित अन्य प्रवक्ता उपस्थित रहे।

Share on whatsapp