बागेश्वर: सानिउडयार– कुचौली– मलसूना मोटर मार्ग पर सिमाली के समीप भारी बारिश के चलते सड़क पूरी तरह बह गई, जिससे क्षेत्र में आवाजाही ठप हो गई है। इस घटना से स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूर-दराज से आ रहे श्रद्धालुओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। भद्रकाली मंदिर में जनेऊ संस्कार के लिए बेरीनाग और मलसूना क्षेत्र से आ रहे कई श्रद्धालु रास्ते में ही फंस गए। सड़क ध्वस्त होने के कारण उन्हें आगे बढ़ने का कोई रास्ता नहीं मिला। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, मार्ग को खोलने के लिए मौके पर जेसीबी मशीन भेजी जा रही है, ताकि जल्द से जल्द अस्थायी रूप से आवाजाही बहाल की जा सके। फिलहाल यात्रियों और श्रद्धालुओं को लगभग 22 किलोमीटर लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाकर गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान की मांग की है, क्योंकि यह सड़क क्षेत्र की प्रमुख जीवनरेखा है।








