ग्रामीणों के आंदोलन को दिया समर्थन, 21 अगस्त की आक्रोश रैली में शामिल होने का ऐलान
बागेश्वर। फुलवाड़ी-फूलचौरा-खाईधार-थलीधार सड़क निर्माण की मांग को लेकर आंदोलनरत ग्रामीणों के समर्थन में वरिष्ठ नागरिक जन कल्याण न्यास ने जिला कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर नारेबाजी की और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की।
न्यास के अध्यक्ष दलीप सिंह खेतवाल ने कहा कि सड़क सुविधा के अभाव में क्षेत्र के ग्रामीण वर्षों से परेशानी झेल रहे हैं। बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और मरीजों को आवागमन के लिए कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। सड़क निर्माण को लेकर कई बार आश्वासन दिए जाने के बावजूद अब तक धरातल पर कार्य शुरू नहीं हुआ है।
उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीण 13 जुलाई से आंदोलन कर रहे हैं। न्यास ने आंदोलन को समर्थन देते हुए प्रशासन से सड़क निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर कर जल्द कार्य शुरू कराने की मांग की।
न्यास पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि ग्रामीणों की मांग पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। साथ ही 21 अगस्त को जिला मुख्यालय में प्रस्तावित आक्रोश रैली को भी पूर्ण समर्थन देने की बात कही।
प्रदर्शन में चरण सिंह बघरी, हरीश सोनी, जीवन दानू, करम सिंह दानू सहित वरिष्ठ नागरिक न्यास के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।








