logo

शामा की शराब दुकान हटाने की मांग तेज, चार ग्राम सभाओं ने तालाबंदी का समर्थन किया

खबर शेयर करें -

सार्वजनिक कार्यक्रमों में शराब सेवन व जुए पर 25 हजार जुर्माने का प्रस्ताव
गोगिना (बागेश्वर)। शामा मुख्यालय स्थित शराब की दुकान को हटाने की मांग को लेकर क्षेत्र में विरोध तेज हो गया है। जिला पंचायत सदस्य विजया कोरंगा के नेतृत्व में 12 फरवरी को प्रस्तावित तालाबंदी कार्यक्रम के समर्थन में रविवार को गोगिना में ग्राम सभा रातिर-केठी, मलखा-डुंगरचा, कीमू और गोगिना की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपस्थित ग्रामीणों ने एकमत होकर शराब की दुकान हटाने की मांग का समर्थन किया। साथ ही निर्णय लिया गया कि क्षेत्र में किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम में शराब का सेवन, दुकानों में अवैध रूप से शराब बेचना तथा जुआ खेलने पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। इस आशय का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।
ग्रामीणों ने कहा कि शराब की दुकान के कारण क्षेत्र का सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है और युवा पीढ़ी पर इसका नकारात्मक असर पड़ रहा है। बैठक में 12 फरवरी को शामा स्थित शराब की दुकान में तालाबंदी कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया गया।
बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्य पुष्पा देवी, ग्राम प्रधान गोगिना संजय कुमार, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कीमू उत्तम सिंह दानू सहित चारों गांवों के महिला मंगल दल की पदाधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र की जनभावनाओं का सम्मान करते हुए शराब की दुकान को शीघ्र अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  पालड़ीछीना-जैनकरास-कंगाड़छीना मोटर मार्ग के समर्थन में उतरी कांग्रेस, आंदोलन को दिया समर्थन
Ad
Share on whatsapp