बागेश्वर कांडा। कांडा–कमस्यार क्षेत्र को पृथक विकासखंड घोषित किए जाने की मांग को लेकर रविवार को कांडा कालिका मंदिर से तहसील परिसर तक एक विशाल जनाक्रोश रैली निकाली गई। ढोल–नगाड़ों के साथ निकली इस रैली में कांडा, कमस्यार, दुगनाकुरी और धरमघर क्षेत्र से भारी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। रैली का नेतृत्व कांडा कमस्यार पृथक विकासखंड संघर्ष समिति के अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह भंडारी ने किया।
रैली के बाद समिति ने उपजिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री, नीति आयोग, मुख्यमंत्री, गढ़वाल सांसद तथा क्षेत्रीय विधायक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में 1956 में स्थापित कांडा विकासखंड को मूल स्वरूप में बहाल करने और कांडा–कमस्यार क्षेत्र में पृथक विकासखंड घोषित करने की मांग उठाई गई।
समिति अध्यक्ष गोविंद सिंह भंडारी ने कहा कि पिछले कई वर्षों से क्षेत्र के लोग पृथक विकासखंड की मांग को लेकर संघर्षरत हैं, लेकिन शासन–प्रशासन इस ओर कोई ठोस पहल नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार रजत जयंती समारोह मना रही है, जबकि कांडा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र की उपेक्षा स्पष्ट दिख रही है। भंडारी ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो संघर्ष समिति देहरादून और दिल्ली के जंतर–मंतर में व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी।
सचिव सुरेश रावत ने शासन और प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि कांडा–कमस्यार की धरती स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सैनिकों की कर्मभूमि रही है, लेकिन आज यहां के लोगों की सुनवाई नहीं हो रही है। रावत ने चेतावनी दी कि यदि पृथक विकासखंड की स्थापना नहीं हुई तो आंदोलन और अधिक उग्र किया जाएगा।
इस दौरान 90 वर्षीय पूर्व प्रधानाचार्य रूप सिंह माजिला ने भी आमरण अनशन पर बैठने की चेतावनी देते हुए कहा कि अब क्षेत्र की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रैली में जिला पंचायत सदस्यों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, ग्राम प्रधानों, पूर्व सैनिकों, राज्य आंदोलनकारियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। मुख्य रूप से अध्यक्ष गोविंद सिंह भंडारी, सचिव सुरेश रावत, कोषाध्यक्ष राजेंद्र गैढ़ा, आलम मेहरा, दरपान सिंह धपोला, पूर्व प्रधान गिरीश जोशी, कैप्टन बहादुर सिंह नगरकोटी, हीरा बल्लभ जोशी, गंगा लाल वर्मा, धीरज गढ़िया, जगतनाथ चंदोला, हेमलता, सरोज आर्या, ज्योति कांडपाल, नीमा नगरकोटी, जितेंद्र वर्मा, बंशीधर कांडपाल, जानकी शाह, भगवान भंडारी, निर्मल शाह, विनय कर्म्याल, बबीता नगरकोटी, गौरव धपोला और राजेंद्र राम आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट : पंकज डसीला








