कांडा-बागेश्वर मार्ग पर बारिश बनी आफत, जेसीबी से मलबा हटाने का काम जारी
बागेश्वर। लगातार हो रही बारिश के बीच कांडा-बागेश्वर मोटर मार्ग पर धपोली के पास अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गिरा। मलबे की चपेट में सड़क किनारे पहले से खड़े दो वाहन भी आ गए। मलबा गिरने से दोनों वाहनों के आगे के हिस्से को नुकसान पहुंचा है।
बताया जा रहा है कि बारिश के कारण पहाड़ी से मलबा खिसककर सड़क पर आ गया। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े दोनों वाहन मलबे की चपेट में आ गए। मलबा वाहनों के अगले हिस्से पर गिरने से उनके बोनट और आगे के हिस्से को क्षति पहुंची है। हालांकि, गनीमत रही कि घटना के समय दोनों वाहनों में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सड़क पर मलबा आने से कुछ समय के लिए आवाजाही भी प्रभावित हुई। सूचना मिलने के बाद संबंधित टीम द्वारा जेसीबी मशीन मौके पर लगाई गई और सड़क के साथ ही वाहनों पर आया मलबा हटाने का कार्य शुरू किया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में लगातार बारिश होने के कारण पहाड़ी से मलबा आने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में कांडा-बागेश्वर मार्ग पर आवाजाही करने वाले वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। खासकर बारिश के दौरान संवेदनशील स्थानों पर वाहन खड़ा करने से बचने की अपील की गई है।
फिलहाल घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और सभी लोग सुरक्षित हैं। वाहनों को हुए नुकसान के अलावा स्थिति सामान्य बताई जा रही है। संबंधित टीम द्वारा मार्ग से मलबा पूरी तरह हटाकर यातायात सुचारु करने का प्रयास किया जा रहा है।








