logo

कपकोट-रीठाबगड़ मार्ग पर कार-बाइक भिड़ंत, दंपति गंभीर घायल

खबर शेयर करें -

बागेश्वर : कपकोट-रीठाबगड़ मोटर मार्ग पर गुरुवार दोपहर एक कार और मोटरसाइकिल के बीच हुई जोरदार टक्कर में बाइक सवार दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब 11:07 बजे हल्द्वानी की ओर जा रही अर्टिका कार (UK02 TA 0404) और बडेत की तरफ जा रही मोटरसाइकिल (UK02 7579) के बीच आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में पुडकुनी निवासी 60 वर्षीय धरम सिंह दानू और उनकी पत्नी नीमा देवी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और एक टैक्सी चालक की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कपकोट पहुँचाया गया। अस्पताल में तैनात डॉ. पीयूष ने बताया कि धरम सिंह के पैर में गहरा घाव है, जिसके चलते 15 से 20 टांके लगाने पड़े।
चिकित्सकों के अनुसार, दोनों घायलों को आंतरिक चोटें भी आई हैं और हड्डियों में संभावित क्षति की आशंका को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है।

Share on whatsapp