बागेश्वर
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बागेश्वर कांग्रेस कार्यालय में महिला आरक्षण और महिला सुरक्षा के मुद्दे को लेकर कांग्रेस नेताओं ने प्रेस वार्ता आयोजित की। इस दौरान नेताओं ने महिला आरक्षण कानून 2023 को शीघ्र लागू करने की मांग उठाते हुए भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
प्रेस वार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष अर्जुन भट्ट, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी और पूर्व जिलाध्यक्ष कांग्रेस लोकमणि पाठक मौजूद रहे।
नेताओं ने कहा कि महिला आरक्षण कानून 2023 को लागू करने में लगातार देरी की जा रही है, जिससे महिलाओं को उनका संवैधानिक अधिकार नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार इस मुद्दे पर गंभीर नहीं है और इसे केवल राजनीतिक विषय बनाकर छोड़ दिया गया है।
विधानसभा के विशेष सत्र में भी इस विषय पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिए जाने पर नाराजगी जताई गई। नेताओं ने परिसीमन प्रक्रिया को लेकर भी चिंता व्यक्त की और कहा कि इसका सीधा असर भविष्य में महिलाओं के आरक्षण पर पड़ सकता है।
महिला सुरक्षा के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार प्रभावी कार्रवाई करने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि 2027 के विधानसभा चुनाव और 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण लागू नहीं किया गया, तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं के अधिकारों और सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।








