बागेश्वर नगर में लगातार लग रहे जाम को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताते हुए मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रदर्शन किया। नगर अध्यक्ष मनोज साह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए जाम की समस्या से जल्द निजात दिलाने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान आयोजित सभा में वक्ताओं ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में आए दिन लगने वाले जाम से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्कूली छात्र-छात्राएं, महिलाएं और बुजुर्ग विशेष रूप से प्रभावित हो रहे हैं। वहीं, मरीजों को लेकर जाने वाली 108 एंबुलेंस भी जाम में फंस रही हैं, जिससे स्थिति और गंभीर हो रही है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि टैक्सी वाहन सड़क किनारे बेतरतीब खड़े रहते हैं और लंबी दूरी के वाहन बायपास के बजाय शहर के बीच से गुजर रहे हैं। इसके अलावा बारात और अन्य वाहनों का भी बायपास का उपयोग न करना जाम की मुख्य वजह बन रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि लंबी रूट के वाहनों को अनिवार्य रूप से बायपास से भेजा जाए और शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाकर जाम की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। इस दौरान भगवत डसीला, बालकृष्ण, ललित गोस्वामी, कुंदन गिरी, विनोद पाठक सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।








