–
बागेश्वर। आगामी एसआईआर को लेकर कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के उद्देश्य से जिला कांग्रेस कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक कांग्रेस जिलाध्यक्ष अर्जुन भट्ट के नेतृत्व में संपन्न हुई, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भागीदारी की।
बैठक के दौरान जिलाध्यक्ष अर्जुन भट्ट ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को आगामी समय में होने वाले एसआईआर को लेकर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और जमीनी स्तर पर सक्रियता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है, इसलिए सभी कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आम जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनने और पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक में संगठनात्मक मजबूती, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी नेताओं ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाना होगा, ताकि भविष्य की राजनीतिक चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके। इस अवसर पर पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय और जनसंपर्क बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाना पार्टी की प्राथमिकता होनी चाहिए। वहीं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी ने संगठन की मजबूती के लिए जमीनी स्तर पर कार्य करने की आवश्यकता बताई।
बैठक में पार्टी की भावी रणनीति, जनहित के मुद्दों तथा संगठन विस्तार को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अनुशासित तरीके से संगठनात्मक गतिविधियों में भागीदारी सुनिश्चित करने और आगामी कार्यक्रमों के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। इस दौरान लोकमणि पाठक,सुनील भंडारी, भगवत सिंह डसीला,राजेंद्र टंगड़िया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








