logo

केंद्र सरकार का बजट जनहितकारी, विकास को मिलेगी नई गति: शिव सिंह बिष्ट

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट ने केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट की प्रमुख विशेषताओं को पत्रकारों के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि यह बजट आमजन, किसानों, महिलाओं, युवाओं और पर्यटन क्षेत्र के विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
राज्य मंत्री ने बताया कि उत्तराखंड में जंगली जानवरों से फसलों और लोगों की सुरक्षा के लिए वर्तमान में दो जिलों को योजना में शामिल किया गया है, जिसकी तर्ज पर आने वाले समय में अन्य जिलों को भी इस योजना से जोड़ा जाएगा। इससे किसानों को फसल नुकसान से राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारियों जैसे कैंसर और शुगर की दवाइयों को सस्ता करने के लिए बजट में विशेष प्रावधान किए गए हैं, ताकि आम जनता को बेहतर और सुलभ उपचार मिल सके। साथ ही 12 लाख रुपये तक की आय को आयकर से मुक्त किया गया है, जिससे मध्यम वर्ग को बड़ी राहत मिलेगी।
पर्यटन क्षेत्र को लेकर उन्होंने बताया कि प्रदेश के प्रत्येक पर्यटन स्थल को विकसित किया जाएगा, जिससे पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से युक्त वेटरिनरी अस्पताल स्थापित किए जाएंगे।
राज्य मंत्री ने कहा कि देशभर में नागरिकों की सुरक्षा और संरक्षण को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रत्येक जिले में जड़ी-बूटी एवं हर्बल उत्पादों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सके।
महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर उन्होंने बताया कि प्रत्येक जिले में गर्ल्स हॉस्टल खोले जाएंगे, जिससे छात्राओं को सुरक्षित आवास सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही बिजली की खपत कम करने और सोलर एनर्जी को बढ़ावा देने पर भी विशेष फोकस किया गया है।
रेलवे बजट में बढ़ोतरी का उल्लेख करते हुए शिव सिंह बिष्ट ने कहा कि हरिद्वार रेल लाइन को वर्ष 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा अन्य रेलवे परियोजनाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का यह बजट समग्र विकास, आत्मनिर्भर भारत और जनकल्याण की दिशा में एक मजबूत कदम है, जिससे देश और प्रदेश दोनों को नई गति मिलेगी।
प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। इस दौरान जिला महामंत्री संजय परिहार, घनश्याम जोशी,राजेंद्र राठौर,प्रकाश साह आदि मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  रोड नहीं तो वोट नहीं" के नारों से गूंजा फुलवाड़ी, सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का धरना
Ad
Share on whatsapp