कांडा (बागेश्वर)। उत्तराखंड स्थापना दिवस के रजत समारोह के अवसर पर जिला प्रशासन एवं जिला सेवायोजन कार्यालय बागेश्वर द्वारा बुधवार को आईआईटी कांडा परिसर में कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को विभिन्न रोजगार एवं करियर विकल्पों के बारे में उपयोगी जानकारी प्रदान करना व उन्हें सुनियोजित भविष्य निर्माण हेतु प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में कैरियर मार्गदर्शक के रूप में डा. हेमलता गोस्वामी, मुन्नी वर्मा और महेश वर्मा ने सहभागिता की।
डा. हेमलता गोस्वामी ने छात्र-छात्राओं को होम्योपैथी और स्वास्थ्य क्षेत्र में कैरियर अवसरों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने चिकित्सा शिक्षा में प्रवेश प्रक्रिया, प्रशिक्षण, इंटर्नशिप और भविष्य में रोजगार संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि होम्योपैथी आज स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है और युवा इच्छाशक्ति एवं मेहनत के साथ इस क्षेत्र में उत्कृष्ट भविष्य बना सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि पहाड़ के युवा प्रतिभा से परिपूर्ण हैं और उन्हें अपने कौशल को बढ़ाकर स्वदेश में रहकर सेवा और प्रगति की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। कार्यक्रम में मुन्नी वर्मा तथा महेश वर्मा ने भी विद्यार्थियों को करियर विकल्प, व्यक्तित्व विकास, लक्ष्य निर्धारण और रोजगार बाजार में आवश्यक कौशलों के बारे में उपयोगी सुझाव दिए। काउंसलिंग सत्र में छात्रों ने प्रश्न पूछकर मार्गदर्शन प्राप्त किया। उपस्थित विशेषज्ञों ने उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं, तकनीकी शिक्षा, स्वरोजगार एवं स्टार्ट-अप संभावनाओं से भी अवगत कराया।
जिला प्रशासन ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं को सही दिशा प्रदान करने में अहम भूमिका निभाते हैं और ऐसे प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।








