logo

बागेश्वर में सड़क किनारे अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, हाईकोर्ट के निर्देश पर लोनिवि की कार्रवाई शुरू

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। जनपद में सड़क किनारे और लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) की भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई शुरू हो गई है। शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग की टीम ने नगर क्षेत्र और आसपास के इलाकों में अभियान चलाते हुए अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई की। कार्रवाई के तहत कपकोट रोड स्थित नरेंद्र पैलेस के बाहर सड़क क्षेत्र में किए गए अतिक्रमण को तोड़ा गया। विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क सीमा के भीतर किए गए निर्माण को हटाया, जिससे यातायात और सार्वजनिक उपयोग की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जा सके।
इसी क्रम में नदीगांव क्षेत्र में भी अभियान चलाया गया, जहां लोक निर्माण विभाग की भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण हटाए गए। विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एस के पांडे ने बताया कि यह कार्रवाई उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिले भर में लोक निर्माण विभाग की भूमि पर किए गए अवैध कब्जों और निर्माणों को चिन्हित किया जा रहा है तथा चरणबद्ध तरीके से हटाने की कार्रवाई जारी रहेगी।
अधिशासी अभियंता ने बताया कि अभियान के तहत आज दो अवैध निर्माणों को हटाया गया है और आगे भी ऐसे मामलों में कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। विभाग ने लोगों से सरकारी भूमि पर अतिक्रमण न करने और नियमों का पालन करने की अपील की है।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  क्वैराली के बहुउद्देशीय शिविर में 46 शिकायतों का निस्तारण, ग्रामीणों को मिली योजनाओं की जानकारी
Ad
Share on whatsapp