ब्रेकिंग: कपकोट के रिखाड़ी में बोलेरो खाई में गिरी, दो महिलाओं की मौत; पांच गंभीर घायल
बागेश्वर। कपकोट थाना क्षेत्र के रिखाड़ी इलाके में शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। बैजानी बैंड के पास एक बोलेरो वाहन (UK-02 TA 3078) करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि वाहन भराड़ी क्षेत्र से खलझूनी की ओर जा रहा था। दुर्घटना के समय वाहन में कुल सात लोग सवार थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर प्रशासन, पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंच गई। घायलों को रेस्क्यू कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कपकोट लाया जा रहा है, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। घायलों में वाहन चालक दीपक राम (36), नीमा देवी (32), प्रेमा देवी (38) और कमल सिंह (38) सहित अन्य लोग शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी अनिल चन्याल, थानाध्यक्ष प्रताप सिंह नगरकोटी, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुट गई है। बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति के लापता होने की भी सूचना है, जिसकी तलाश की जा रही है।
फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।








