logo

बागेश्वर में भाजयुमो का विरोध प्रदर्शन, एआई समिट में हंगामे की निंदा

खबर शेयर करें -

बागेश्वर: नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के दौरान कथित हंगामे के विरोध में शनिवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा बागेश्वर ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाध्यक्ष आदर्श कठायत ने किया। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने सुरक्षा घेरा तोड़कर हॉल के भीतर नारेबाजी की और कार्यक्रम में व्यवधान डाला। उनके अनुसार यह घटना उस समय हुई जब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की तकनीकी प्रगति और एआई फॉर ऑल विजन पर चर्चा चल रही थी।
इस घटना के विरोध में बागेश्वर नगर में भाजयुमो कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और प्रदर्शन किया। आक्रोशित युवाओं ने नारेबाजी करते हुए यूथ कांग्रेस का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की छवि को धूमिल करने का प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिलाध्यक्ष आदर्श कठायत ने मीडिया से बातचीत में कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन यदि विरोध का उद्देश्य वैश्विक मंच पर भारत की गरिमा को ठेस पहुँचाना हो तो यह गंभीर विषय है। उन्होंने प्रशासन और केंद्र सरकार से मांग की कि समिट में हंगामा करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। भाजयुमो पदाधिकारियों ने कहा कि एआई और नई तकनीकों के क्षेत्र में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और विकास की इस गति को बाधित करने की किसी भी कोशिश का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा। प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष भाजपा प्रभा गढ़िया, हरीश मेहरा, प्रशांत तिवारी, दीपक गस्याल, मनोज बचखेती, नरेंद्र सिंह कोरंगा, तरुण कन्याल, नगर अध्यक्ष विवेक तिवारी, विधायक प्रतिनिधि भास्कर दास, मोहन, संजय शाह, तिलक तिवारी, संजय जोशी, भूपेंद्र दानू, महेश दानू, प्रकाश साह और सुनील कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share on whatsapp