बागेश्वर। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा के कुशल नेतृत्व में जनपद पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत एसओजी टीम ने 454 ग्राम अवैध चरस के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान एसओजी टीम ने खाईबगड़ पुल तिराहे के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 454 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान महिपाल सिंह (45 वर्ष), पुत्र नंदन सिंह, निवासी ग्राम तोली, थाना कपकोट, जनपद बागेश्वर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कपकोट में मु0 FIR संख्या 22/2026, धारा 08/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक जीवन सिंह सामन्त (एसओजी) के नेतृत्व में कांस्टेबल संतोष सिंह, रमेश सिंह, भुवन बोरा और चालक राजेंद्र कुमार शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और किसी भी हाल में नशे के कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा।








