बागेश्वर: पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग को लेकर सोमवार को बागेश्वर में कर्मचारियों ने बृहद रैली निकालकर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। सुबह से ही कर्मचारी नुमाइश खेत मैदान में एकत्र होने लगे, जहां सभा आयोजित की गई।
सभा के बाद कर्मचारियों ने रैली निकाली, जो नुमाइश खेत मैदान से शुरू होकर दुग बाजार, सरयू पुल और एसबीआई तिराहा होते हुए तहसील परिसर पहुंची। तहसील में रैली का समापन किया गया। इस दौरान कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए सरकार से पुरानी पेंशन योजना शीघ्र लागू करने की मांग की।
सभा को संबोधित करते हुए अध्यक्ष नरेंद्र पालनी ने कहा कि कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही मांगों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक पुरानी पेंशन बहाल नहीं की जाती, तब तक आंदोलन निरंतर जारी रहेगा और आवश्यकता पड़ी तो इसे और व्यापक किया जाएगा।
रैली में लक्ष्मण कोरंगा, संजय टम्टा, प्रदीप गढ़िया, भुवन जोशी, रवि जोशी सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे। कर्मचारियों ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।








