logo

विश्व पर्यावरण दिवस पर बागेश्वर वन प्रभाग की बड़ी पहल, स्वच्छता अभियान के साथ 101 पौधों का रोपण

खबर शेयर करें -

बागेश्वर,
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बागेश्वर वन प्रभाग द्वारा पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुरुवार को वृहद स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला अस्पताल बागेश्वर से चण्डिका मंदिर मार्ग होते हुए भागीरथी तट तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया, वहीं बिलखेत क्षेत्र में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत 101 पौधों का रोपण किया गया।

कार्यक्रम में बागेश्वर वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी आदित्य रत्न के नेतृत्व में जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, वन विभाग की टीम, स्कूली छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट्स तथा स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। स्वच्छता अभियान के दौरान लोगों को पर्यावरण संरक्षण, नदी-नालों की स्वच्छता और प्लास्टिक मुक्त वातावरण का संदेश दिया गया।

यह भी पढ़ें 👉  लोहाघाट में टनकपुर डिपो की रोडवेज बस दुर्घटनाग्रस्त, अपनी ही बस के पहिए के नीचे आने से चालक की मौत

इस अवसर पर कपकोट विधायक सुरेश सिंह गड़िया एवं राज्य दर्जा मंत्री भूपेश उपाध्याय ने कार्यक्रम में शिरकत कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। विधायक सुरेश सिंह गड़िया ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, वनों की सुरक्षा और वनाग्नि प्रबंधन केवल वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने आमजन से जंगलों को आग से बचाने और हरित वातावरण बनाए रखने में सहयोग की अपील की।

राज्य दर्जा मंत्री भूपेश उपाध्याय ने वन विभाग की त्वरित कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि वनाग्नि जैसी घटनाओं के प्रति सतर्कता और जनजागरूकता बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि आज पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।

यह भी पढ़ें 👉  बागेश्वर में होमगार्ड भर्ती 6 जून से, 17 पदों के लिए होगी शारीरिक परीक्षा

कार्यक्रम के दौरान वनाग्नि नियंत्रण एवं प्रबंधन में सहयोग देने वाले स्थानीय ग्रामीणों और पर्यावरण प्रेमियों को वन विभाग की ओर से प्रोत्साहन राशि एवं प्रशस्ति प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने इसे सामुदायिक भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

प्रभागीय वनाधिकारी आदित्य रत्न ने कहा कि पृथ्वी ही एकमात्र ऐसा जीवंत ग्रह है, जहां स्वच्छ वायु, जल, वन सम्पदा, वन्यजीव और मानव जीवन का संतुलन संभव है। उन्होंने कहा कि अन्य ग्रहों पर खनिज संपदा की संभावनाएं हो सकती हैं, लेकिन पृथ्वी जैसी जैव विविधता कहीं और उपलब्ध नहीं है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह पौधरोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण का भी संकल्प ले।

यह भी पढ़ें 👉  पर्यावरण दिवस पर अनासक्ति आश्रम कौसानी में हरित योग शिविर का आयोजन, आयुर्वेद विभाग ने दिया स्वास्थ्य का संदेश

कार्यक्रम के समापन पर प्रभागीय वनाधिकारी ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही भविष्य की पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।

ADVERTISEMENTS Ad
Share on whatsapp