बागेश्वर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बागेश्वर पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है। एसओजी टीम ने सघन चेकिंग अभियान के दौरान 4.60 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा के निर्देश पर जनपदभर में नशा तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को एसओजी टीम ने चेकिंग के दौरान आरोपी नीरज कपकोटी निवासी हरसीला, थाना कपकोट को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 4.60 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध कोतवाली बागेश्वर में एफआईआर संख्या 43/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास के साथ-साथ उसके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की भी जांच कर रही है, ताकि नशा तस्करी के नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
इस कार्रवाई को एसओजी टीम के उपनिरीक्षक जीवन सामन्त, कांस्टेबल रमेश सिंह तथा चालक कांस्टेबल विजय कुमार ने अंजाम दिया।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा ने कहा कि जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।








