हल्द्वानी। नैनीताल वन प्रभाग की ओर से अवैध लीसा (रेजिन) के परिवहन पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रानीबाग बैरियर पर एक वाहन से 270 टिन अवैध लीसा बरामद किया है। मौके से वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
वन विभाग के अनुसार मनोरा रेंज के अंतर्गत रानीबाग बैरियर पर चेकिंग अभियान के दौरान वाहन संख्या यूके-18 सीए-4432 को जांच के लिए रोका गया। पहली नजर में वाहन खाली दिखाई दे रहा था, लेकिन वन कर्मियों को संदेह होने पर वाहन की गहन तलाशी ली गई।
जांच में वाहन के भीतर बनाए गए गुप्त केबिनों से 270 टिन अवैध लीसा बरामद हुआ। इसके बाद वन विभाग की टीम ने लीसा और वाहन को अपने कब्जे में ले लिया।
वन विभाग ने वाहन चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही मामले में अवैध लीसा के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।








