बागेश्वर:
गरुड़ स्थित सेंट एडम्स स्कूल गरुड़ ने एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक उपलब्धि हासिल करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा के लिखित चरण में विद्यालय के 25 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की है, जिससे विद्यालय में खुशी की लहर है।
जानकारी के अनुसार कक्षा 5 और 8 के कुल 30 विद्यार्थियों ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा के लिए आवेदन किया था, जिनमें से 25 का चयन होना विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन को दर्शाता है। सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा देश की प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक मानी जाती है और इसमें सफलता विद्यार्थियों को भविष्य में बड़े प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने के साथ ही भारतीय सशस्त्र बलों में अधिकारी बनने की दिशा में पहला महत्वपूर्ण कदम माना जाता है।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार सेंट एडम्स स्कूल के कई पूर्व छात्र वर्तमान में भारतीय सशस्त्र सेनाओं में अधिकारी के रूप में सेवाएं दे रहे हैं, जिन्होंने अपने करियर की शुरुआत इसी परीक्षा के माध्यम से की थी।
विद्यालय की प्रधानाचार्या रज़िया सिद्दीकी ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई दी तथा इसे सामूहिक प्रयास और निरंतर मेहनत का परिणाम बताया। वहीं विद्यालय के प्रबंधक जावेद सिद्दीकी ने सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उपप्रधानाचार्या अनामिका सिंह, भरत तिवारी सहित समस्त शिक्षकगणों ने विद्यार्थियों को आगामी चरण — साक्षात्कार, काउंसलिंग और मेडिकल परीक्षण — के लिए शुभकामनाएं देते हुए गंभीरता से तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर शिव सिंह, राज्य मंत्री उत्तराखंड, तथा कमलेश्वरी मेहता, खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) ने भी विद्यालय की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को बधाई और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।








