बागेश्वर: पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार में आयोजित राज्य जूनियर बालक एवं बालिका बॉक्सिंग चैंपियनशिप में बागेश्वर जिले की उभरती हुई बॉक्सर भूमिका बसेड़ा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया है। 54 से 57 किलोग्राम भार वर्ग में खेलते हुए भूमिका ने अपने सभी मुकाबलों में दमदार खेल का प्रदर्शन किया। सीमित संसाधनों के बावजूद उसने कभी हार नहीं मानी। कोच उमेश गड़िया ने कहा कि भूमिका शुरू से ही प्रतिभाशाली खिलाड़ी रही है। उसने प्रशिक्षण के दौरान कड़ी मेहनत की और हर मुकाबले में अपनी रणनीति पर पूरी तरह अमल किया। अगर उसे लगातार बेहतर सुविधाएं और मार्गदर्शन मिलता रहा, तो वह राज्य ही नहीं, राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन कर सकती है। भूमिका बसेडा ने कहा कि यह स्वर्ण पदक मेरे माता-पिता, कोच और सभी सहयोगियों की मेहनत का परिणाम है। उनकी उपलब्धि पर विधायक पार्वती दास, नगर पालिकाध्यक्ष सुरेश गड़िया, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्य, दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे, खेल अधिकारी गुंजन बाला, नरेंद्र खेतवाल आदि ने खुशी जताई है।








