बागेश्वर।
होली पर्व को देखते हुए जनपद में खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने सघन निरीक्षण अभियान चलाया। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड और जिलाधिकारी बागेश्वर के निर्देश पर टीम ने कपकोट तथा बागेश्वर नगर क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में औचक जांच की। अभियान का उद्देश्य त्योहार के दौरान आमजन को सुरक्षित, शुद्ध और मानक अनुरूप खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना तथा मिलावटखोरी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना रहा। निरीक्षण के दौरान मिष्ठान भंडार, किराना स्टोर, डेयरी प्रतिष्ठान और अन्य खाद्य कारोबारियों के यहां स्वच्छता, भंडारण व्यवस्था, निर्माण व विक्रय तिथि, लेबलिंग, लाइसेंस/पंजीकरण और क्रय-विक्रय अभिलेखों की गहन जांच की गई। खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से बाहर से मंगाए जा रहे मावा, खोया, मिठाई, नमकीन और खाद्य तेल आदि सामग्री केवल विधिवत बिल/चालान के आधार पर खरीदने और अभिलेख सुरक्षित रखने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान संदेह के आधार पर मावा, विभिन्न प्रकार की मिठाइयों और खाद्य तेल सहित कुल 7 नमूने लिए गए। सभी नमूनों को विधिक प्रक्रिया के तहत सील कर जांच के लिए रुद्रपुर स्थित खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण दल में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा डॉ. प्रकाश चंद फलारा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार और सहायक भूपेंद्र देव शामिल रहे।








