112 आपातकालीन सेवा की दी जानकारी,
बागेश्वर। पुलिस की ओर से जिले में चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत स्कूलों में छात्र-छात्राओं को आपातकालीन नंबर 112 और आपातकालीन सेवाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में दूरसंचार पुलिस टीम के साथ एनडीआरएफ के जवानों ने भी प्रतिभाग किया।
पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेन्द्र मेहरा के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिसार निरीक्षक दूरसंचार अजय पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को बताया कि पुलिस सहायता, मेडिकल इमरजेंसी, आग लगने, आपदा, महिला संबंधी शिकायत या बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी किसी भी आपात स्थिति में 112 पर कॉल कर सहायता ली जा सकती है।
इस दौरान छात्र-छात्राओं को 112 इंडिया ऐप के बारे में भी जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने बताया कि 112 सेवा इमरजेंसी रिस्पांस सपोर्ट सिस्टम (ERSS) के तहत संचालित एकीकृत आपातकालीन सेवा है, जिसके माध्यम से जरूरत के समय त्वरित सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है।
पुलिस की ओर से विद्यार्थियों को 112 सेवा से संबंधित पंपलेट और प्रचार सामग्री भी वितरित की गई। साथ ही छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने और अपने साथियों को भी इससे बचाने की अपील की गई।
पुलिस ने कहा कि स्वस्थ और सुरक्षित समाज के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। जिले के स्कूलों, कॉलेजों, नगर, कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के जनजागरूकता कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे।








