बागेश्वर। पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर गुरुवार को जिलेभर के बैंक कर्मचारी हड़ताल पर रहे। हड़ताल के चलते बागेश्वर जिले सहित देशभर में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहीं। बैंक शाखाओं में कामकाज ठप रहने से ग्राहकों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
हड़ताल के दौरान बैंक कर्मचारियों ने विभिन्न शाखाओं के बाहर प्रदर्शन कर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। कर्मचारियों ने कहा कि लंबे समय से पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने की मांग की जा रही है, लेकिन इस दिशा में अपेक्षित निर्णय नहीं लिया गया है।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के क्षेत्रीय सचिव दर्शन सिंह ने कहा कि मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सरकार और संबंधित पक्षों ने कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 26 अक्टूबर से बैंक कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की तैयारी में हैं। कर्मचारियों ने मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है।
हड़ताल के कारण बैंक शाखाओं में नकद निकासी, जमा, चेक संबंधी कार्य और अन्य शाखा आधारित सेवाएं प्रभावित रहीं। हालांकि डिजिटल बैंकिंग और एटीएम जैसी सेवाएं कई स्थानों पर उपलब्ध रहीं, लेकिन शाखाओं में होने वाले जरूरी कामों के लिए पहुंचे ग्राहकों को परेशानी उठानी पड़ी।








