logo

क्रॉस कंट्री दौड़ में बागेश्वर के धावकों ने दिखाया दमखम, 130 बालक और 80 बालिकाओं ने लिया हिस्सा

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में खेल विभाग बागेश्वर की ओर से गुरुवार को क्रॉस कंट्री दौड़ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में अंडर-14 से 17 वर्ष बालक-बालिका तथा ओपन बालक-बालिका वर्ग में जिलेभर के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
अंडर-14 से 17 वर्ष बालक वर्ग की आठ किलोमीटर तथा ओपन बालक-बालिका वर्ग की 10 किलोमीटर जिला स्तरीय क्रॉस कंट्री दौड़ आयोजित की गई। विधायक प्रतिनिधि भागीरथी बाईपास के पास से हरी झंडी दिखाकर दौड़ का शुभारंभ किया। पुरुष वर्ग के धावक भागीरथी बाईपास से आगे बाईपास, कपकोट मोटरमार्ग होते हुए दसरा पुल से वापस लौटकर डिग्री कॉलेज के गेट पर पहुंचे, जबकि महिला वर्ग की दौड़ भागीरथी बाईपास से शुरू होकर राठपाटण होते हुए वापस डिग्री कॉलेज के गेट पर संपन्न हुई।
प्रतियोगिता में 130 बालक एवं 80 बालिकाओं ने प्रतिभाग किया। समापन एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नीरज पांडे तथा विशिष्ट अतिथि श्रीमती सुनीता पंत ने प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए। चारों वर्गों में प्रथम से छठे स्थान तक रहने वाले धावकों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
प्रतियोगिता में अंडर-17 बालक वर्ग में नवनीत प्रभात प्रथम, करण कुमार द्वितीय, साहिल कनवाल तृतीय, प्रियांशु कुमार चतुर्थ, सूरज चंद्र पंचम और जयदेव छठे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में डॉली फर्स्वाण प्रथम, रूबी नगरकोटी द्वितीय, वर्षा आर्या तृतीय, विनीता राणा चतुर्थ, देवशी पंचम और प्रतिज्ञा छठे स्थान पर रहीं।
ओपन बालक वर्ग में हिमांशु धामी प्रथम, चित्रांशु द्वितीय, बलवंत तृतीय, शान्तनु कुमार चतुर्थ, दिव्यांशु गिरी पंचम और सिद्धार्थ कुमार छठे स्थान पर रहे। वहीं ओपन बालिका वर्ग में ज्योति कोरंगा प्रथम, स्नेहा धामी द्वितीय, तोषू पांडे तृतीय, पूजा कोरंगा चतुर्थ, हर्षिता तिवारी पंचम और अनिशा मनराल छठे स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता को सफल बनाने में प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी शिखा बिष्ट, राजेन्द्र सिंह दफौटी, प्रशांत मेहरा, गणेश धपोला, सुंदर गड़िया सहित क्रीड़ा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग के अधिकारियों और कांट्रेक्ट प्रशिक्षकों ने सहयोग किया।

Share on whatsapp