मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या ने दीप प्रज्वलन कर किया शुभारंभ
बागेश्वर।
पी.एम. श्री स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. शिव लाल वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, बागेश्वर में शनिवार को पूर्व छात्रा मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या रहीं, जिन्होंने दीप प्रज्वलन कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर विभिन्न वर्षों की पूर्व छात्राओं ने सहभागिता करते हुए अपने शैक्षणिक, सामाजिक एवं जीवन अनुभव साझा किए। पूर्व छात्राओं और वर्तमान छात्राओं के बीच हुए आत्मीय संवाद ने सभी को प्रेरित किया और विद्यालय से जुड़े मधुर स्मृतियों को ताजा कर दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या ने विद्यालय की गौरवशाली परंपरा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह संस्थान वर्षों से बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर समाज में सशक्त भूमिका निभाने के लिए तैयार कर रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से बालिकाओं का सर्वांगीण विकास और महिला सशक्तिकरण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
उन्होंने पूर्व छात्राओं की समाज निर्माण में भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन आपसी जुड़ाव को मजबूत करते हैं और नई पीढ़ी को मार्गदर्शन प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष गीता रावल, पूर्व कनिष्ठ प्रमुख सुनीता टम्टा, प्रधानाचार्य शोभा टम्टा, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी अमित आनंद, मंजू होलरिया, नीमा जंगपांगी सहित विद्यालय की शिक्षिकाएं, छात्राएं एवं अभिभावकगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रशासन द्वारा अतिथियों और पूर्व छात्राओं का आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों को नियमित रूप से आयोजित करने का संकल्प लिया गया।








